वृंदावन के सेक्टर-3 स्थित शिव शक्ति धाम, रुक्मणी विहार क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक के साथ मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अनुभव पांडे का आरोप है कि वह दुकान से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके पास से 15 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन भी छीन लिया। अनुभव पांडे के अनुसार किसी तरह वह जान बचाकर अपने घर के अंदर पहुंचा और गेट बंद कर लिया। इसके बाद करीब 10 से 12 लोग लाठी-डंडों के साथ घर के बाहर पहुंच गए और गेट तोड़ने का प्रयास करते हुए गाली-गलौज करने लगे। घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पीड़ित ने कोतवाली वृंदावन में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली वृंदावन क्षेत्र की बुर्जा चौकी पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




